
PM Kisan 23th Installment Ghazipur: प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को बंगाल की धरती से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की.इसमें गाजीपुर के 4,17,832 किसान के खाते में सीधे 2000-2000 रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे गए. वहीं उत्तर प्रदेश में 2.17 करोड़ से ज्यादा किसान लाभान्वित हुए. प्रधानमंत्री द्वारा सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने के साथ ही गाजीपुर जिले के लाखों किसानों को राहत मिली.
23वीं किस्त जारी होने पर जिले में सभी विकास खंड़ो, ग्राम पंचायतों, कृषि मंडियों आदि जगहों पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया. वहीं जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे. कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि को लेकर खुशी जाहिर की.
अब तक मिल चुके हैं ₹1923 करोड़
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत से लेकर अब तक गाजीपुर जिले के किसानों को 23 किस्तों के माध्यम से कुल ₹1923 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है. यह राशि किसानों के लिए खेती-किसानी के खर्च, बीज, खाद और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
‘खेती में मददगार साबित हो रही 2000 रुपये की आर्थिक सहायता’
कार्यक्रम में आए किसान अच्छेलाल चौहान, फूलचंद यादव, राजेश राम, रामरती देवी, अखिलेश आदि ने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली 2000 रुपये की आर्थिक सहायता खेती के समय काफी मददगार साबित होती है. इससे कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में आसानी होती है और आर्थिक बोझ भी कम होता है। अब धान की खेती का समय हो तो 2000 रुपये से धान के बीज, खाद आदि लेंगे. सभी किसानों ने 23वीं किस्त मिलने के बाद खुशी जताई और सरकार का आभार भी व्यक्त किया.
सीएम बोले- यह राशि केवल आर्थिक सहायत नहीं
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया हैंडल ‘X ‘ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुआ लिखा “अन्नदाता किसानों की समृद्धि और खुशहाली आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी संकल्प की सिद्धि हेतु आज प्रधानमंत्री जी द्वारा पश्चिम बंगाल से ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ की 23वीं किस्त के रूप में ₹18,880 करोड़ से अधिक की धनराशि देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को हस्तांतरित की गई है। इनमें उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान भी लाभान्वित हुए हैं, जिनके खातों में ₹4,352.40 करोड़ की राशि सीधे पहुंची है. यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अन्नदाता के परिश्रम, सम्मान और समृद्धि के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है.”
कैसे जांचेंगे किसान लाभार्थी की स्थिति
पीएम किसान सम्मान निधि की स्थिति जांचने के लिए आधार नंबर, मोबाइल नंबर या पंजीकरण का उपयोग करके जांच सकते हैं.
पंजीकरण संख्या द्वारा जांचे स्थिति
सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. (लिंक)
कार्नर (कोने) में ‘Know Your Status’ (अपनी स्थिति जानें) पर क्लिक करें.
अपना पंजीकरण नंबर और कैप्चा दर्ज करें.
आपकी नवीनतम किस्त की स्थिति दिखाई देगी.
आधार नंबर से जांचे स्थिति
आधार नंबर से भी स्थिति जांचने के लिए आपको उसी ‘Know Your Status’ (अपनी स्थिति जानें) पर क्लिक करना होगा. फिर ‘Know your registration no.’ (अपना पंजीकरण नंबर जानें)पर क्लिक करना होगा. इसके बाद आधार नंबर दर्ज कर प्राप्त ओटीपी डालकर पंजीकरण संख्या प्राप्त कर लें. फिर उसी पंजीकरण संख्या से पूरी स्थिति की जांच कर लें.
मोबाइल नंबर से जांचें स्थिति
एक बार फिर से आपको उसी ‘Know Your Status’ (अपनी स्थिति जानें) पर क्लिक करना होगा और मोबाइल नंबर का विकल्प चुनकर पीएम सम्मान निधि से जुड़े मोबाइल नंबर को दर्ज करें. इसके बाद मोबाइल नंबर प्राप्त ओटीपी से सत्यापित करके पंजीकरण संख्या प्राप्त कर लें.