
Ghazipur Junior Boxing Trials 2026: गाजीपुर जिले के खिलाड़ियों के लिए एक सुनहरा असवर आया है. प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 6 जुलाई यानी कल सोमवार को आयोजित किया जाएगा. यह ट्रायल सुबह 10:30 बजे से गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम परिसर में होगा. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीकरण सुबह 9:30 बजे तक जमा कर सकेंगे. ट्रायल में चयनित खिलाड़ी आगे वाराणसी मंडल की टीम में शामिल होकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे.
10 जुलाई से चित्रकूट में होगी प्रतियोगिता
यह जानकारी जिला खेल कार्यालय की ओर से जारी की गई है. प्रतियोगिता का आयोजन 10 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक चित्रकूट में किया जाएगा. प्रदेश भर के विभिन्न मंडलों से चयनित खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. इसी क्रम में गाजीपुर के खिलाड़ियों को भी जिला और मंडल स्तर की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तर्ज पर जिला एवं मंडलीय चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं.
जिला खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि गाजीपुर जूनियर बॉक्सिंग ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा. खिलाड़ियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण-पत्र, प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित आयु प्रमाण-पत्र और आधार कार्ड की मूल प्रति प्रस्तुत करनी होगी. दस्तावेज अधूरे होने की स्थिति में खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे.
खिलाड़ियों और अभिभावकों के लिए राहत की बात यह है कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है। ट्रायल पूरी तरह निशुल्क होगा, जिससे जिले के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकें.
ट्रायल शुरू होने से पहले दर्ज कराएं उपस्थिति
जिला खेल कार्यालय ने गाजीपुर जिले के स्कूलों, खेल क्लबों और बॉक्सिंग प्रशिक्षण केंद्रों से जुड़े खिलाड़ियों से समय से पहुंचने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल निर्धारित समय पर शुरू होगा, इसलिए सभी प्रतिभागी सुबह 9:30 बजे तक अपनी उपस्थिति दर्ज करा दें.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से खेल निदेशालय नियमित रूप से जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर चयन प्रतियोगिताएं आयोजित करता है. इसी प्रक्रिया के तहत चयनित खिलाड़ी आगे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर प्राप्त करते हैं. खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के ट्रायल युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.