Ghazipur : कृषि विभाग ने जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से गाजीपुर समेत पूर्वांचल के अन्य जिलों में बारिश हो सकती है। यह बारिश आगामी 28 और 29 अक्टूबर 2026 के बीच होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान 50 से 90 मिलीमीटर तक वर्षा होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।
मौसम के संभावित बदलाव को देखते हुए उप कृषि निदेशक, गाजीपुर ने किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। विभाग ने विशेष रूप से खेतों में खड़ी सब्जियों, कटी हुई धान की फसल और रबी की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को सतर्क रहने को कहा है।
कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित रखें
कृषि विभाग के अनुसार जिन किसानों की धान की फसल कट चुकी है, वे उसे तत्काल किसी सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रख दें। खलिहान या मंडी में रखे अनाज को ऊंचे स्थान पर रखने के साथ पॉलीथिन या तिरपाल से अच्छी तरह ढकने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश होने पर अनाज को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। विभाग ने किसानों से यह भी कहा है कि यदि संभव हो तो धान की कटाई 28 अक्टूबर से पहले पूरी कर लें और कटी हुई फसल को खुले में बिल्कुल न छोड़ें।
रबी की फसलों की बुवाई और खाद का छिड़काव टालें
उप कृषि निदेशक, गाजीपुर ने सरसों, चना और मटर आदि रबी की फसलों की बुवाई कर चुके किसानों को खेतों में निकलने की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। फसल में अभी खाद या किसी भी प्रकार के कीटनाशक का छिड़काव न करें। कहा कि यदि अभी फसलों की बुवाई नहीं किए हैं तो 29 अक्टूबर के बाद बुवाई करें।
सब्जियों और फलदार पौधों को भी बचाने की सलाह
टमाटर और बैंगन जैसी सब्जियों और केला और पपीता की खेती करने वाले किसानों को पौधों को गिरने से बचाने के लिए बांस या किसी भी चीज से सहारा दें। तेज हवा और बारिश के कारण पौधों के गिरने या टूटने की आशंका रहती है। 28 अक्टूबर से पहले इनकी बचाने की व्यवस्था कर लें। पानी भरने वाले खेतों में नालियां बनाने की भी सलाह दी है, जिससे फसलों की जड़ों में पानी जमा न हो। पानी इकट्ठा होने पर फसल गिर सकती है।
फसल नुकसान होने पर इस नंबर पर करें संपर्क
कृषि विभाग ने बीमित किसानों को सलाह दी है कि यदि बारिश के कारण फसल को नुकसान होता है, तो वे टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। किसान टोल फ्री नंबर के माध्यम से बारिश से हुए फसल के नुकसान के बारे में विभाग को सूचित कर मुआवजा का लाभ ले सकते हैं।
बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में न रहें किसान
कृषि विभाग ने किसानों से 28 और 29 अक्टूबर को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने और गरजने के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने को कहा है। पशुओं को सुरक्षित शेड में रखने और बिजली से चलने वाले कृषि उपकरणों आदि को लेकर सावधानी बरतने को कहा है।
