Overview:

आज गाजीपुर के लंका मैदान में 60 फीट के रावण का दहन रात 8 बजे किया जाएगा।

Ghazipur : आज विजयादशमी के शुभ अवसर पर गाजीपुर के लंका मैदान में ऐतिहासिक रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र की अतिप्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। राम-रावण युद्ध की लीला के बाद डीएम अनुपम शुक्ला बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और रामलीला कमेटी ने तैयारियां पूरी करने की कवायद तेज कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम और एसपी ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा भी लिया।

रात 8 बजे होगा रावण के पुतले का दहन

रामलीला कमेटी हरिशंकरी के अनुसार, ऐतिहासिक रामलीला मंचन के 15वें दिन राम-रावण युद्ध की पारंपरिक लीला का मंचन किया जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे डीएम अनुपम शुक्ला रावण के पुतले का दहन करेंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

इस कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कमेटी द्वारा लंका मैदान में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इसके अलावा विजयादशमी के इस आयोजन का सीधा प्रसारण यूट्यूब और फेसबुक पर भी किया जाएगा। रामलीला कमेटी ने नगरवासियों से सपरिवार लंका मैदान पहुंचकर सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस ऐतिहासिक लीला के साक्षी बनने की अपील की है।

दुर्गा प्रतिमाओं के प्रवेश के लिए समय निर्धारित

रामलीला कमेटी ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि मां दुर्गा की प्रतिमाओं को प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद दिलाने की परंपरा के तहत लंका मैदान में गेट नंबर 4 से प्रवेश कराया जाए। प्रतिमाओं को शाम 7 बजे तक ही मैदान में प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा कारणों से शाम 7 बजे के बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद राम-रावण युद्ध की पारंपरिक लीला शुरू होगी और रात 8 बजे रावण दहन किया जाएगा।

डीएम और एसपी ने लंका मैदान का किया निरीक्षण

रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीएम अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने लंका मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

बच्चों की सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान

रामलीला कमेटी ने मेले में आने वाले लोगों से अपील की है कि वे भीड़ के दौरान छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें, ताकि विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मी तैनात किए हैं।प्रशासन ने निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने शांति बनाए रखने की अपील की

डीएम अनुरम शुक्ला ने जनपदवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपील किया कि दशहरा पर्व और रावण दहन के मौके पर मेले में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ सहभागिता करें। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।