Ghazipur : भांवरकोल थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में सातवें दिन मंगलवार को भी पुलिस दो सगे हिस्ट्रीशीटर भाइयों सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी रखा है। एसपी विनय कुमार सिंह ने गोलीकांड के आरोपितों को गिफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीम लगाई थी। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सीने और पैर में लगी गोली
13 अक्टूबर की शाम जसदेवपुर मोड़ के पास कंपोजिट शराब की दुकान के सामने हिस्ट्रीशीटर दो सगे भाइयों सुखडोहरा निवासी आशुतोष राय उर्फ बिट्टू और सर्वेश राय उर्फ सिद्धू ने रास्ते के विवाद को लेकर कहासुनी करने के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमले में सुखडोहरा निवासी सीआइएसएफ जवान राघवेश सिंह यादव के पैर में और उनके चचेरे भाई पंकज सिंह यादव के सीने में गोली लगी थी। डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल पंकज सिंह को उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दर्ज कराया मुकदमा
सीआइएसएफ के छोटे भाई ने सुखडोहरा गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर दो सगे भाइयों आशुतोष राय और सर्वेश राय और एक अज्ञात के खिलाफ भांवरकोल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार आशुतोष राय और सर्वेश राय पर नामजद और एक अज्ञात शख्स खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
आरोपितों की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि आरोपितों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
सुरक्षा के लिए पुलिस टीम तैनात
थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से सुखडोहरा निवासी घायल सीआइएसएफ जवान के घर पर पुलिस टीम तैनात है। यही नहीं पुलिस टीम गांव में भी लगातार भ्रमण कर रही है। पुलिस गांव में आने-जाने वाले हल व्यक्ति पर नजर रख रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि नामजद आरोपितों को गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। साथ ही संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
