Ghazipur : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से अधिकारियों को मतदान संबंधी प्रक्रियाओं को समझाया गया। अधिकारियों को मतपेटिका खोलने और बंद करने की विधि, मतदान से पहले की जाने वाली कार्रवाई और मतदान के दौरान मान्य 10 पहचान पत्रों के बारे में जानकारी दी गई।
कब होगा मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि 22 अक्टूबर को सभी पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर से निर्वाचन सामग्री प्राप्त करेंगे। इसमें मतपत्र, मतपेटिका, मतदाता सूची और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल होगी। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान कर्मी अपने-अपने आवंटित मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगे।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों के निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों तक पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी जांच करें कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि मतदान शुरू होने से पहले मतदान अभिकर्ताओं की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराई जाए। निर्वाचन संबंधी प्रारूप-16 भाग-1 को मिलान करने के बाद ही सही तरीके से भरने के निर्देश भी दिए गए।
निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराने पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान की पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए।
